हथिनीकुंड बैराज में यमुना में सेना की नाव पलटी, लापता दो जवानों की तलाश में जुटे बचावकर्मी
हथिनीकुंड बैराज में यमुना में सेना की नाव पलटी, लापता दो जवानों की तलाश में जुटे बचावकर्मी
यमुनानगर, दो सितंबर (भाषा) हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में नाव पलटने के बाद लापता हुए सेना के दो जवानों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को हुई।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘एक सितंबर को हथिनीकुंड बैराज में संयुक्त जल प्रशिक्षण के दौरान नाव पानी के तेज बहाव में फंस गई और बैराज के नीचे की ओर बहने लगी।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘टीम ने नाव को वापस निकालने के लिए तुरंत प्रयास किए। हालांकि, नाव जल निकासी द्वार के आसपास तेज भंवरों में फंस गई और पलट गई। इसके कारण उसमें सवार जवान तेज बहाव में बह गए। चालक दल के दो सदस्य फिलहाल लापता हैं।’’
बयान के मुताबिक, सेना, वायुसेना, स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम लापता जवानों की तलाश और बचाव अभियान चला रही है। लापता जवानों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


