हैदराबाद, 11 सितंबर (भाषा) हैदराबाद में सेना की एक इकाई से सेवा में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और गोला-बारूद की चोरी के मामले में सेना के एक जवान को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया, “एक सेना का जवान हिरासत में है।”
उन्होंने बताया कि कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने हिरासत में लिए गए व्यक्ति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी।
उन्होंने बताया कि तेलंगाना पुलिस और अन्य शाखाओं के संयुक्त प्रयासों के बाद मामले में अहम सुराग मिला।
यह पूछे जाने पर कि क्या चोरी हुए हथियार बरामद कर लिए गए हैं, अधिकारी ने कहा कि जांच जारी है।
बोल्लारम पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में स्थित भंडारण केंद्र से पांच राइफल, सात पिस्तौल, 21 मैगजीन, हथियारों के लिए गोला-बारूद और एक निष्क्रिय रात्रि-दृष्टि दूरबीन चोरी हो गई।
मद्रास रेजिमेंट (20वीं बटालियन), सिकंदराबाद के एक लेफ्टिनेंट कर्नल की शिकायत के बाद बोल्लारम पुलिस थाने में सेवा में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और गोला-बारूद की चोरी के संबंध में मामला दर्ज किया गया।
चोरी का पता 31 अगस्त को गोला-बारूद भंडारण कक्ष (कोट और बटालियन मैगजीन) खोलने के दौरान चला, जब उसके दरवाजे के ताले टूटे हुए पाए गए।
चोरी के बाद सेना के अधिकारियों ने हथियारों के गायब होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत आंतरिक जांच शुरू की, वहीं पुलिस ने भी मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव