ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: इस रविवार सभी लाइन पर सुबह छह बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं

Ads

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: इस रविवार सभी लाइन पर सुबह छह बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 01:46 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 01:46 PM IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण लागू यातायात संबंधी प्रतिबंधों के बीच परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों और अन्य यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रविवार को मेट्रो की ट्रेन सेवाएं सभी लाइन पर सुबह छह बजे से शुरू होंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सामान्यतः, रविवार के दिन पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं।

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण लागू यातायात संबंधी प्रतिबंधों के बीच परीक्षा देने वाले छात्रों और आम जनता की सुगम व समयबद्ध आवाजाही के लिए रविवार को सभी लाइन पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से शुरू होंगी।’’

डीएमआरसी ने बताया कि सेवाओं की समय से पहले शुरुआत से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के साथ-साथ आम जनता को भी आसानी होगी।

दिल्ली यातायात पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि उसे सीडीएस परीक्षा के एक अभ्यर्थी से अनुरोध प्राप्त हुआ था कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह जल्दी उपलब्ध कराई जाएं।

ट्रैफिक पुलिस ने इस चिंता को देखते हुए एनडीए/सीडीएस परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के वास्ते डीएमआरसी के साथ समन्वय किया।

यातायात पुलिस ने कहा कि डीएमआरसी परीक्षा के दिन सभी लाइन पर सुबह छह बजे से सेवाएं शुरू करने पर सहमत हो गया है।

डीएमआरसी ने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में यातायात संबंधी प्रतिबंधों को देखते हुए छात्रों और अन्य यात्रियों को उसी अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

भाषा खारी वैभव

वैभव