चार धाम के लिए अबतक करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया: मुख्यमंत्री धामी
चार धाम के लिए अबतक करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 24 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि 19 अ्प्रैल से शुरू हो रही चार धाम यात्रा के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं जो यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह को दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण पिछले साल यात्रा डेढ़ महीने से अधिक समय तक बाधित रही, लेकिन इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए।
उन्होंने कहा, ‘‘2026 की चार धाम यात्रा के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के अतिथि गृहों में पांच करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है। यह यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।’’
धामी ने कहा कि यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं और सड़कों के सुदृढ़ीकरण, अवस्थापना सुविधाओं के विकास, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा परिवहन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर सभी मूलभूत सुविधाएं, जैसे पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन आदि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद चार धाम दर्शन कराने को अपनी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों, अतिथि गृह संचालकों, ढाबा संचालकों, टैक्सी एवं परिवहन सेवाओं से जुड़े लोगों के साथ समन्वय एवं संवाद स्थापित किया गया है ताकि यात्रा के दौरान बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आगामी चार धाम यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा।
गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट अक्षय तृतीया के पर्व पर 19 अप्रैल को खुलेंगे जबकि बदरीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को और केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
भाषा दीप्ति धीरज
धीरज

Facebook


