दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार को कथित तौर पर 18.95 लाख रुपये की ‘अघोषित’ भारतीय नकदी ले जाने के आरोप में सीआईएसएफ कर्मियों ने तीन चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि शंघाई जाने वाले इन यात्रियों को आगे की जांच के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर शाम करीब 4:30 बजे हुई, जब सीआईएसएफ कर्मियों ने पहले यात्री को रोका, जिसके बैग में छह लाख रुपये की नकदी थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद मामला सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया, जिन्होंने उनके साथ मौजूद दो और चीनी नागरिकों की पहचान की।
अधिकारी ने बताया कि यात्री कुल 18.95 लाख रुपये की नकदी अपने पास रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके कारण उन्हें उड़ान भरने से रोक दिया गया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश