कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद हिंसा की खबरों के मद्देनजर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति’ अपनाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्वाचन आयोग के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक के दौरान अग्रवाल ने ये निर्देश जारी किए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, अग्रवाल ने कहा, ‘मतदान के बाद गड़बड़ी करने वालों को आज रात तक गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’
बुधवार शाम को दूसरे चरण के मतदान की समाप्ति के कुछ घंटों बाद ही बंगाल के कई हिस्सों से राजनीतिक झड़पों की खबरें सामने आईं, जिसके बाद आयोग ने निगरानी बढ़ा दी।
सूत्रों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि प्रशासन को मतदान के बाद भी उतनी ही सतर्कता बरतनी चाहिए जितनी मतदान के दौरान बरती गई थी और किसी भी प्रकार की अशांति की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया अभी भी जारी है। उन्होंने मतगणना और उसके बाद की अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने पर जोर दिया।
भाषा
राखी वैभव
वैभव