जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के असिस्टेंट कमांडेंट रघुनाथ सिंह भाटी का बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव अड़बाला में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र भानुप्रताप सिंह और सूर्यप्रताप सिंह ने मुखाग्नि दी।
रघुनाथ सिंह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान 13 अप्रैल को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें दिल्ली के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 29 अप्रैल को उनका निधन हो गया।
उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से फलौदी एयरबेस लाया गया और वहां से सड़क मार्ग से अड़बाला पहुंचाया गया।
रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार के दौरान आइटीबीपी के जवानों ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। सैकड़ों ग्रामीणों ने फूल बरसाकर और ‘भारत माता की जय’, ‘रघुनाथ सिंह अमर रहें’ के नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, जनप्रतिनिधि तथा आईटीबीपी के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना