टीएमसी के गिरफ्तार विधायक दिलीप मंडल ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों में जल्द सुनवाई की अपील की
टीएमसी के गिरफ्तार विधायक दिलीप मंडल ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों में जल्द सुनवाई की अपील की
कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक दिलीप मंडल ने सोमवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में दावा किया कि अब तक उनके खिलाफ विभिन्न आरोपों में 39 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।
पश्चिम बंगाल विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने 27 मई को पुरी के एक होटल से मंडल को गिरफ्तार किया था। दक्षिण 24 परगना जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र बिष्णुपुर में जनसभा के दौरान राजनीतिक विरोधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर धमकी देने के लिए उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि मंडल के जल्द सुनवाई के अनुरोध पर शुक्रवार को सुनवाई की जाएगी।
मंडल के वकील किशोर दत्ता ने न्यायमूर्ति भट्टाचार्य के समक्ष कहा कि उन्होंने चार प्राथमिकियों को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया है। दत्ता ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार अब तक विधायक के खिलाफ 39 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।
दत्ता ने कहा कि उनकी याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए आवेदन दायर किया गया है।
उन्होंने अनुरोध किया कि इस आवेदन पर अदालत अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख को सुनवाई करे।
चार बार के टीएमसी विधायक फिलहाल निचली अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में हैं।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


