अरुणाचल: चाटजो नदी से दूसरे स्कूली छात्र का शव बरामद, तीसरे छात्र की तलाश जारी

अरुणाचल: चाटजो नदी से दूसरे स्कूली छात्र का शव बरामद, तीसरे छात्र की तलाश जारी

अरुणाचल: चाटजो नदी से दूसरे स्कूली छात्र का शव बरामद, तीसरे छात्र की तलाश जारी
Modified Date: July 13, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: July 13, 2026 6:58 pm IST

ईटानगर, 13 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में चाटजो नदी में नहाने के दौरान लापता हुए तीन छात्रों में से दूसरे का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया जबकि एक अन्य छात्र की तलाश अब भी जारी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

सहायक आयुक्त इंदिरा टी. रिबा ने बताया कि तीन लड़कों का एक समूह शनिवार दोपहर नदी में नहाने गया था और ये तीनों देवमाली के एक स्कूल के छात्र थे। उन्होंने बताया कि उस दिन पहले उन्हें बाल कटवाने के लिए छात्रावास से बाहर जाने की अनुमति दी गई थी।

उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार मानसूनी बारिश के कारण नदी उफान पर है।

घटना वाले दिन स्थानीय लोगों ने 12 वर्षीय पाउपवांग आना का शव बरामद कर लिया था, जबकि सोमवार को दूसरे छात्र 13 वर्षीय नगोवांग खाखो का शव बरामद किया गया। एक अन्य छात्र 12 वर्षीय फोसाम वांगनो अब भी लापता है। खोज एवं बचाव अभियान में कई एजेंसियां शामिल हैं।

तिरप जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) एमिली तिंगखात्रा ने बताया कि खाखो का शव स्थानीय लोगों ने पुबेरान गांव के पास देखा, जिसके बाद बचाव दल ने उसे बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि खोज अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा।

रविवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, प्रशासन और स्थानीय निवासियों की टीम ने तलाशी अभियान चलाया था, हालांकि तेज बहाव के कारण अभियान में बाधा आई।

सोमवार को अभियान को और तेज किया गया तथा एसडीआरएफ, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन), असम राइफल्स, पुलिस और सामुदायिक स्वयंसेवकों की संयुक्त टीम ने नदी के निचले हिस्से में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

जिला प्रशासन ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से तिरप जिले के लिए जारी मौसम चेतावनी के मद्देनजर लोगों, विशेषकर युवाओं से नदी या जलाशयों से दूर रहने की सख्त सलाह जारी की है।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में