एनसीसी को मजबूत करने के लिए राज्यों की अधिक भागीदारी का उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का आह्वान
एनसीसी को मजबूत करने के लिए राज्यों की अधिक भागीदारी का उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का आह्वान
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) को मजबूत करने और सैनिक स्कूलों के विस्तार के लिए राज्यों की अधिक भागीदारी का सोमवार को आह्वान किया।
रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और सैनिक स्कूलों के बारे में उन्हें यहां जानकारी दी।
राष्ट्र निर्माण में एनसीसी के योगदान की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविरों को राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल बताया।
उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान और स्वच्छ भारत अभियान सहित एनसीसी की सामुदायिक सेवा पहल की भी सराहना की और एनसीसी पूर्व छात्र संघ की स्थापना का स्वागत किया।
एनसीसी को मजबूत करने को साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए राधाकृष्णन ने बुनियादी ढांचे के अधिक विकास, भूमि और प्रशिक्षण सुविधाओं जैसे मुद्दों पर राज्य सरकारों के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने राज्यों के साथ समन्वय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
राधाकृष्णन को सैनिक स्कूलों के संचालन और विस्तार के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसमें मौजूदा मॉडल और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत स्थापित सैनिक स्कूल शामिल हैं।
छात्रों और अभिभावकों में बढ़ती मांग को देखते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक राज्य में तीन से पांच सैनिक स्कूल स्थापित करने का लक्ष्य रखा जा सकता है। उन्होंने मौजूदा सैनिक स्कूलों की क्षमता बढ़ाने की संभावना तलाशने का भी सुझाव दिया।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


