राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : चंपत राय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए अदालत जाएंगे वकील

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : चंपत राय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए अदालत जाएंगे वकील

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : चंपत राय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए अदालत जाएंगे वकील
Modified Date: July 13, 2026 / 06:54 pm IST
Published Date: July 13, 2026 6:54 pm IST

अयोध्या, 13 जुलाई (भाषा) फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने सोमवार को कहा कि वे राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के पूर्व सदस्यों अनिल मिश्रा एवं गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत का रुख करेंगे।

बार एसोसिएशन के वकीलों का दावा है कि उन्होंने दो जुलाई को राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की।

फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्य आफताब खान ने कहा, ‘‘हमने राय, मिश्रा और राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को दो सप्ताह का समय दिया था। सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने गया था। वहां अधिकारियों ने हमें बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और शिकायत को उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।’’

आफताब खान उन 21 वकीलों की समिति के सदस्य भी हैं, जिसका गठन राय, मिश्रा और राव के खिलाफ मामले की पैरवी के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांग को लेकर अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी मुलाकात की, लेकिन उन्होंने भी बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। अब हम अदालत का रुख करेंगे और राय, मिश्रा तथा राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।’’

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने आम सभा की बैठक में निर्णय लिया था कि राम मंदिर से जुड़े आरोपियों की ओर से कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा।

एसोसिएशन ने यह भी फैसला किया था कि यदि कोई सदस्य आरोपियों की ओर से पैरवी करता है तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उसे एसोसिएशन से निष्कासित कर दिया जाएगा।

दो जुलाई को फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने विरोध मार्च निकाला था और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन को लेकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी थी।

एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया था कि इस मामले में पहली प्राथमिकी दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता और एक अन्य ट्रस्टी कृष्ण मोहन का नाम भी वकीलों की शिकायत में आरोपी के रूप में शामिल किया गया है।

वकीलों ने जिला अदालत परिसर से राम जन्मभूमि थाने तक मार्च निकाला था और शिकायत सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों से नाम जुड़ने के बाद 27 जून को ट्रस्ट ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में