अरुणाचल सरकार सीमा विवादों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध: गृह मंत्री मामा नाटुंग

Ads

अरुणाचल सरकार सीमा विवादों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध: गृह मंत्री मामा नाटुंग

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 10:23 PM IST

ईटानगर, 28 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय समितियों के माध्यम से सभी लंबित सीमा विवादों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

पापुम पारे जिले के यूपिया में तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन केंद्र का उद्घाटन करते हुए नाटुंग ने कहा कि क्षेत्रीय सौहार्द बनाए रखने में असम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमा के दोनों ओर रहने वाले लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

नाटुंग ने तारासो क्षेत्र में अंतरराज्यीय सीमा पर हाल में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार पांच जिलों में सीमा विवादों का समाधान कर चुकी है और शेष जिलों में बातचीत जारी है।

नाटुंग ने अग्निशमन केंद्र का उद्घाटन करने के साथ ही विभाग में शामिल किए गए नये वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस केंद्र का निर्माण शहरी विकास विभाग ने कराया है, जिसका उद्देश्य जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करना है।

नाटुंग ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों में 13 नये अग्निशमन केंद्रों का निर्माण कराया है। उन्होंने बताया कि विभाग में 337 नये पद सृजित किए गए हैं, जिससे अरुणाचल प्रदेश में अग्निशमन कर्मियों की कुल संख्या बढ़कर 811 हो गई है।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल