अरुणाचल: तवांग में हिमनदीय झील के फटने से अचानक बाढ़ आने का खतरा, तैयारियां तेज

Ads

अरुणाचल: तवांग में हिमनदीय झील के फटने से अचानक बाढ़ आने का खतरा, तैयारियां तेज

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 06:24 PM IST

ईटानगर, आठ जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में मौसम जनित खतरों से जुड़ी नयी चिंताएं सामने आई हैं। तवांग जिले में अधिकारियों ने हिमनदीय झील के फटने से अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे की आशंका को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं।

पिछले कुछ दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण लेखी में स्थित अंतर-राज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर के आसपास का क्षेत्र भी जलमग्न हो गया है, जिसके कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि तवांग जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने रविवार को पृथ्वी विज्ञान एवं हिमालय अध्ययन केंद्र (सीईएसएचएस) से मिली जानकारी के बाद अलर्ट जारी किया है।

सीईएसएचएस ने चेतावनी दी है कि खांगरी ग्लेशियर के आसपास तेजी से बर्फ पिघलने और अस्थिर भू-भाग के कारण मागो चू बेसिन में हिमनदीय झील के फटने से अचानक बाढ़ आने की आशंका है।

सीईएसएचएस का यह परामर्श भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सीमा सड़क संगठन (बीपीओ) के साथ साझा किया गया है ताकि सभी संबंधित एजेंसियां तैयार रह सकें।

तवांग की उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष नामग्याल अंगमो ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक तसी दरांग ने मगो चू और तवांग चू नदी के किनारे, खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे आपातकालीन जरूरत का सामान तैयार रखें और किसी भी स्थिति के लिए सतर्क रहें।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष