अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री ने ताकसिंग में चीनी घुसपैठ के दावों को ‘झूठा’ बताया

अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री ने ताकसिंग में चीनी घुसपैठ के दावों को ‘झूठा’ बताया

अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री ने ताकसिंग में चीनी घुसपैठ के दावों को ‘झूठा’ बताया
Modified Date: July 26, 2026 / 02:03 pm IST
Published Date: July 26, 2026 2:03 pm IST

ईटानगर, 26 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नातुंग ने रविवार को राज्य के अपर सुबनसिरी जिले के ताकसिंग सेक्टर में चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र में कथित घुसपैठ के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘‘झूठ और सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें’’ करार दिया।

कारगिल विजय दिवस समारोह से इतर संवाददाताओं से बातचीत में नातुंग ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने राज्य के किसी भी हिस्से में घुसपैठ नहीं की है।

उन्होंने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश में चीन की ओर से कोई घुसपैठ नहीं हुई है। यह सब झूठ और सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें हैं। हमारे जवान चौबीसों घंटे सीमा की रक्षा कर रहे हैं। कोई भी चीनी भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने का साहस नहीं कर सकता। मैं भरोसा दिलाता हूं कि यह सब महज अफवाहें हैं और कुछ नहीं।’’

नातुंग ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और सुरक्षा बलों के बीच घनिष्ठ संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोग देश की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश के लोग हमेशा भारतीय सेना के साथ खड़े रहे हैं और देश की रक्षा के लिए अपना खून बहाने को भी तैयार हैं।’’

गृह मंत्री का यह स्पष्टीकरण ‘नाह वेलफेयर सोसाइटी’ (एनडब्ल्यूएस) के उन दावों के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि पिछले करीब डेढ़ दशक में ताकसिंग सेक्टर के निकट पीएलए की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

इस सामुदायिक संगठन ने दावा किया था कि चीनी सेना की चौकियां और बुनियादी ढांचा धीरे-धीरे सीमा के और निकट आ गए हैं। संगठन ने यह भी कहा था कि उसने इस संबंध में पूर्व में वरिष्ठ संवैधानिक प्राधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे हैं।

इन दावों के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद स्थानीय निवासियों के बीच चिंता का माहौल पैदा हो गया था।

भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश में 1,129 किलोमीटर लंबी सीमा है। बीजिंग अरुणाचल प्रदेश को तथाकथित ‘दक्षिण तिब्बत’ का हिस्सा बताता है। भारत ने चीन के इस दावे को बार-बार खारिज करते हुए दोहराया है कि अरुणाचल प्रदेश देश का अभिन्न हिस्सा और अविभाज्य अंग है।

भाषा गोला सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में