नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्रियों ने रविवार को दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान एवं पीढ़ियों तक अमर रहने वाली उनकी विरासत को याद किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज हर भारतीय के लिए और विशेष रूप से मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए, एक दुखद दिन है, क्योंकि हमारी प्रिय आशा भोसले जी अब हमारे बीच नहीं हैं। आशा ताई ने मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से न केवल अपनी एक अनूठी पहचान बनाई, बल्कि अपने गीतों के माध्यम से भारतीय संगीत को और समृद्ध किया।’’
शाह ने कहा, ‘‘भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज के माध्यम से वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। ईश्वर आशा जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें। मैं उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया और पीढ़ियों तक गूंजने वाले उनके विशाल संगीत कार्य को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत की सुर साम्राज्ञी आशा भोसले जी के निधन से मुझे बेहद दुख हुआ है। पार्श्व गायिका के रूप में उन्होंने हजारों फिल्मों और संगीत एल्बम को अपनी आवाज दी। पीढ़ियों से भारतीय उनके गीतों को सुनते और गुनगुनाते रहे हैं।’’
सिंह ने कहा, ‘‘उनके मधुर सुर की गूंज हमेशा बनी रहेगी। आशा भोसले जी का निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में, उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके निधन को बेहद दुखद बताया और कहा कि उनकी आवाज ने भारत तथा विदेश में अमिट छाप छोड़ी है।
नवीन ने कहा, ‘‘पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात गायिका श्रीमती आशा भोसले जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। दशकों तक अपनी अद्वितीय आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध करते हुए, उन्होंने अनगिनत गीतों के माध्यम से देश और विदेश में एक अमिट पहचान बनाई और कई पीढ़ियों के दिलों में एक विशेष स्थान अर्जित किया।’’
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उनके निधन को एक अपार क्षति बताया और भारतीय सिनेमा एवं संगीत में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
गडकरी ने कहा, ‘‘भारतीय संगीत जगत की प्रख्यात और दिग्गज हस्ती, पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरा उनसे पारिवारिक संबंध था। उनका जाना भारत के संगीत जगत के लिए अपार क्षति है। अपनी असाधारण प्रतिभा से आशा जी ने संगीत जगत में एक अलग पहचान बनाई।’’
गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनके अमूल्य योगदान को पीढ़ियां याद रखेंगी।’’
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भोसले ने भारतीय संगीत को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनकी आवाज पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मधुर सुर और अद्वितीय गायन की प्रतीक दीदी आशा भोसले जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नयी बुलंदी तक पहुंचाया। उनके गाए गीत पीढ़ियों तक गूंजते रहेंगे। यह क्षण शोक का है। एक अपूरणीय क्षति हुई है।… मैं सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। माता सरस्वती दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।’’
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उनका निधन संगीत और कला जगत के लिए एक गहरा आघात है और उनकी विरासत प्रेरणा बनी रहेगी।
शेखावत ने कहा, ‘‘पार्श्व गायन शैली में क्रांति लाने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले जी का निधन सिनेमा, संगीत और कला जगत के लिए एक गहरा आघात है। उनकी गायन शैली शाश्वत प्रेरणा बनी रहेगी। आशा जी की आवाज हमारे दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिवार और अनगिनत प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहने करने की शक्ति दें।’’
आशा भोसले का रविवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उन्हें सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके एक दिन बाद उनका निधन हो गया।
भाषा संतोष नेत्रपाल
नेत्रपाल