उत्तर प्रदेश में ओवैसी को झटका, आसिम वकार कांग्रेस में शामिल

उत्तर प्रदेश में ओवैसी को झटका, आसिम वकार कांग्रेस में शामिल

उत्तर प्रदेश में ओवैसी को झटका, आसिम वकार कांग्रेस में शामिल
Modified Date: September 2, 2026 / 02:54 pm IST
Published Date: September 2, 2026 2:54 pm IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के वरिष्ठ नेता रहे सैयद आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

उन्होंने कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

वकार लंबे समय से एआईएमआईएम में सक्रिय थे और पार्टी की मुखर आवाज माने जाते थे। वह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। एआईएमआईएम में शामिल होने से पहले वह समाजवादी पार्टी में थे।

वकार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस में शामिल हुए हैं। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने कहा कि देश से मोहब्बत करने वाले लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को सत्ता से हटाना चाहते हैं, ताकि देश में एक धर्मनिरपेक्ष और जनहित की सरकार बनाई जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘एआईएमआईएम में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो भाजपा और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो भाजपा के खिलाफ हैं।’’

वकार का कहना था, ‘‘इसलिए मैंने फैसला लिया कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और ईमानदारी से भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं तो कांग्रेस के साथ आना होगा, जो मजबूती के साथ भाजपा से लड़ रही है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’ है, वकार ने कहा कि यह बात उन्हें देर से समझ आई और उनकी आंखें खुल गईं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में और लोगों की भी आंखें खुलेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वह राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना चाहते हैं।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने वकार का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राहुल गांधी मजबूती के साथ हर वर्ग की आवाज उठा रहे हैं और इसी से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘देश पहले है, देश से बढ़कर कुछ नहीं है। देश बचेगा, तभी छात्र, शिक्षा, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम होगा।’’

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी वकार के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि वकार जैसे मजबूत व्यक्ति का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है।

वकार के कांग्रेस में शामिल होने को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने की कांग्रेस की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

भाषा हक हक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"