नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में आग लगने की घटना के कुछ दिनों बाद आयोजित डीडीएमए की बैठक के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए पूर्व अग्निवीरों को भर्ती करने पर विचार करने का सुझाव दिया। इस घटना में 22 लोगों की मौत हुई थी।
संधू ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और दिल्ली सरकार के शीर्ष पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
संधू ने कहा कि अवैध भवनों के खिलाफ जारी अभियानों, अग्नि सुरक्षा संबंधी लाइसेंसों के दुरुपयोग और भविष्य की तैयारियों के उपायों की व्यापक समीक्षा की गई।
सैद-उल-अजैब इलाके में हाल ही में एक इमारत ढहने से छह लोगों की मौत होने और मालवीय नगर में आग लगने की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने अनधिकृत निर्माण के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में संधू ने कहा कि उन्होंने अग्निशमन विभाग के कार्यबल को मजबूत करने के लिए मौजूदा रिक्तियों को भरने की खातिर पूर्व अग्निवीरों की नियुक्ति पर विचार करने का सुझाव दिया।
बैठक में चिलचिलाती गर्मी से संबंधित आपदा प्रबंधन उपायों और मानसून की तैयारियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप