असम विधानसभा: कांग्रेस के वाजिद अली चौधरी विपक्ष के नेता बने

Ads

असम विधानसभा: कांग्रेस के वाजिद अली चौधरी विपक्ष के नेता बने

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:19 PM IST

गुवाहाटी, दो जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वाजिद अली चौधरी को असम विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया है। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक आधिकारिक संदेश से मिली।

असम विधानसभा ने एक फेसबुक पोस्ट में बताया कि विधानसभा अध्यक्ष रणजीत कुमार दास ने चौधरी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया है।

कांग्रेस ने 26 मई को चौधरी को असम में अपने विधायक दल का नेता नामित किया था और जॉय प्रकाश दास को कांग्रेस विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया था।

भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से मिलकर बने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट जीतीं। अकेले भाजपा को 82 सीट मिलीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।

छह दलों के विपक्षी गठबंधन का हिस्सा रहीं कांग्रेस और रायजोर दल ने क्रमशः 19 और दो सीट जीतीं।

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) और तृणमूल कांग्रेस ने अलग-अलग दलों के रूप में चुनाव लड़ा और उनके पास क्रमशः दो और एक विधायक हैं।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश