गुवाहाटी, छह मई (भाषा) असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष अतुल बोरा को बुधवार को नवनिर्वाचित विधायकों ने आम राय से पार्टी के विधायक दल का नेता चुना।
चुने हुए विधायकों ने नई सरकार का नेतृत्व करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंत विश्व शर्मा के नाम का भी प्रस्ताव रखा।
राज्य विधानसभा की 126 सीट में से 102 सीट जीतकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा।
भाजपा को 82 सीट पर जीत मिली, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।
अगप विधायक दल की पहली बैठक आज दिन में गुवाहाटी में हुई।
बोरा ने कहा, ‘‘बैठक में शामिल लोगों ने अगप और उसके सहयोगियों को मिले जबरदस्त समर्थन के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। असम आंदोलन के शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।’’
बोरा ने कहा कि विधायक दल ने आम राय से उन्हें अपना नेता और कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत को विधायक दल का उपनेता चुना गया है।
चुनावों में जीत दर्ज करके बोरा ने अपनी बोकाखात और महंत ने कालियाबोर सीट बरकरार रखीं। वे पिछली दो राजग सरकारों में भी कैबिनेट मंत्री थे।
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि डिमोरिया के विधायक तपन दास को विधायक दल का सचिव और बजाली के विधायक धर्मेश्वर रॉय को मुख्य सचेतक चुना गया है।
भाषा
शुभम नरेश संतोष
संतोष