फरीदाबाद (हरियाणा), छह मई (भाषा) फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजीडेंसी सोसाइटी में बुधवार को 40 वर्षीय एक महिला ने इमारत की चौथी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान ऋचा तनेजा गोयल के रूप में हुई है। वह अपने पति और जुड़वां बेटों के साथ सोसाइटी की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहती थी।
पुलिस के अनुसार, ऋचा निजी क्षेत्र में काम करती थी, लेकिन तीन साल पहले स्वास्थ्य कारणों की वजह से उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसके पति राहुल गोयल अदाणी गैस कंपनी में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। राहुल ने भी हाल ही में अपनी नौकरी छोड़ दी थी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को ऋचा अपने 12 वर्षीय जुड़वा बेटों के साथ घर पर थी, जबकि उसका पति अपनी बहन को छोड़ने के लिए आगरा गया हुआ था। पूर्वाहन करीब 10 बजे महिला ने चौथी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट ली और फिर थोड़े समय के बाद ही वह वहां से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिला है कि महिला ने घरेलू विवाद की वजह से यह कदम उठाया है।
पुलिस ने कहा, ‘‘परिजनों को सूचित कर दिया गया है। घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और हम परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं।’’
भाषा
प्रचेता धीरज
धीरज