सूरत, छह मई (भाषा) सूरत में एक निजी अस्पताल में छापा मारकर कथित अवैध गर्भपात और जन्म से पहले लिंग की जांच से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह छापा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रफुल्ल पनशेरिया के आदेश पर मारा गया। बाद में उन्होंने अस्पताल के संचालन में लापरवाही के लिए सूरत जिला स्वास्थ्य विभाग को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया।
प्राथमिकी के अनुसार, मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल पटेल के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को वराछा इलाके में स्थित ममता मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में छापा मारा।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अस्पताल में बिना जरूरी लाइसेंस के गर्भपात और प्रसव पूर्व लिंग जांच की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान अस्पताल के कर्मचारियों और वहां भर्ती तीन मरीजों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि अस्पताल में अवैध गर्भपात और प्रसव पूर्व जांच की जा रही थी। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।
पनशेरिया ने कहा कि ऐसे “भयावह काम” करने वाले अस्पताल मालिक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पनशेरिया ने बताया कि आरोपी को पहले भी इसी तरह के अपराध में गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, “पहले इस अस्पताल का नाम शिवाय हॉस्पिटल था। उसे सील कर दिया गया था। बाद में नाम बदलकर ममता मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल कर दिया गया।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश