गुवाहाटी, 17 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती महीनों के लिए विधानसभा में पेश किये गए लेखा अनुदान को मंजूरी दे दी।
शर्मा ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि मंत्रिमंडल ने असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सोसाइटी द्वारा कार्यान्वित मुख्यमंत्री महिला उद्यम योजना के तहत 1,07,532 पात्र लाभार्थियों (स्वयं सहायता समूह) को उद्यमिता निधि (बीज पूंजी) जारी करने को भी मंजूरी दी।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने असम की चाय बागान जनजातियों और आदिवासी समुदाय के लिए प्रथम व द्वितीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
शर्मा ने बताया कि मंत्रिमंडल ने कार्बी आंगलोंग जिले के लांगवोकु में दूसरे सैनिक विद्यालय के निर्माण को भी मंजूरी दे दी और रक्षा मंत्रालय ने इसकी स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को भी स्वीकृति दे दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने खेल अवसंरचना के विकास के लिए धेमाजी जिले में असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के पक्ष में भूमि के आवंटन को भी मंजूरी दे दी है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश