सिग्नेचर ग्लोबल चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में दो आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी: चेयरमैन अग्रवाल

Ads

सिग्नेचर ग्लोबल चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में दो आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी: चेयरमैन अग्रवाल

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 05:04 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लि. के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने मंगलवार को कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में गुरुग्राम में दो बड़ी आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी।

अग्रवाल ने यहां उद्योग मंडल एसोचैम के रियल एस्टेट सम्मेलन के दौरान पीटीआई-भाषा से अलग से बातचीत में कहा, ‘‘हम वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में गुरुग्राम में दो बड़ी आवासीय परियोजनाएं पेश करेंगे। इन परियोजनाओं से कुल राजस्व 10,000 से 12,000 करोड़ रहने का अनुमान है।’’

उन्होंने कहा कि इनमें से एक आवासीय परियोजना दशहरा और दिवाली के दौरान पेश की जाएगी।

अग्रवाल ने कहा कि घरों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष के लिए 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग के लक्ष्य को हासिल कर लेगी।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 8,250 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची थीं।

चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी को 16.52 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 34.43 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

कंपनी की कुल आय भी पहली तिमाही में घटकर 611.72 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 898.35 करोड़ रुपये थी।

भाषा रमण अजय

अजय