असम: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

Ads

असम: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 03:15 PM IST

गुवाहाटी, 29 जून (भाषा) असम पुलिस ने सरकारी नौकरी का झांसा देकर लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह कथित तौर पर जल संसाधन विभाग के नाम की फर्जी सरकारी मोहरों और झूठी भर्ती सूचनाओं का इस्तेमाल कर जाली नियुक्ति पत्र जारी करता था।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और उन्होंने सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से बड़ी रकम की ठगी की।

अधिकारी के मुताबिक, पीड़ितों को विश्वास दिलाया गया कि उन्हें वैध सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में सीआईडी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी के अनुसार, असम पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने विभिन्न जिलों में कई दिन से चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी भर्ती से जुड़ी सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से करें और नौकरी के बदले किसी भी तरह का भुगतान करने से बचें।

भाषा तान्या पारुल

पारुल