बारपेटा, 29 सितंबर (भाषा) असम के बारपेटा जिले से राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छह लोगों को ‘जिहादी’ गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने और युवाओं को इस्लामी कट्टरपंथी संगठनों में शामिल करने के लिए कट्टरपंथी बनाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने सोमवार रात हाउली, बारपेटा रोड और सोरभोग थाना क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी अभियान के बाद एनआईए ने सोरभोग थाना क्षेत्र से तीन, बारपेटा रोड से दो और हाउली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सोरभोग के फारूक अब्दुल्ला, जाकिर हुसैन और चांदबर अली, बारपेटा रोड के मुस्तफिजुर रहमान, निशुका के याकूब अली और हाउली के जशिहाटीपारा गांव के रकीबुल इस्लाम के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें एक लैपटॉप और मोबाइल फोन शामिल हैं।
इन लोगों के कथित तौर पर प्रतिबंधित जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) की शाखा इमाम महमूदेर काफिला (आईएमके) से सीमा पार संबंध हैं।
कपड़ों की दुकान के मालिक मुस्तफिजुर रहमान को असम पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने मार्च में गिरफ्तार किया था और तीन महीने बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया था। एनआईए के कर्मी उसे उसके घर से अपने साथ ले गए।
रकीबुल इस्लाम अरुणाचल प्रदेश के दापोरिजो में मुर्गी पालन का कारोबार करता था और 15 दिन पहले ही घर आया था।
इस्लाम के पिता अली महमूद ने दावा किया कि एनआईए द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज में कहा गया है कि उसे सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर ‘पूर्व आकाश’ (ईस्टर्न स्काई) नामक समूह से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश