असम पुलिस ने संगठन के नेता आशुतोष रांका और समर्थकों को हिरासत में लिया: कॉजपा संस्थापक दीपके का दावा
असम पुलिस ने संगठन के नेता आशुतोष रांका और समर्थकों को हिरासत में लिया: कॉजपा संस्थापक दीपके का दावा
गुवाहाटी, 27 सितंबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को दावा किया कि पुलिस ने संगठन के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उसके कई समर्थकों को यहां हिरासत में लिया है और उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है।
दीपके ने कहा कि यह कार्रवाई ‘‘स्वयंसेवियों से मुलाकात’’ कार्यक्रम से पहले की गई।
रांका एक दिन पहले गुवाहाटी पहुंचे थे और दिन में कॉजपा समर्थकों से मुलाकात करने वाले थे। दीपके ने दावा किया कि संगठन के नेताओं को बैठक करने से रोक दिया गया।
दीपके ने कहा, ‘‘असम पुलिस ने आशुतोष रांका और कॉजपा की एक टीम को हिरासत में लिया है और उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रही है। आशु और उनकी टीम असम में स्वयंसेवियों से मुलाकात करने वाली थी।’’
रांका के ‘एक्स’ खाते पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्हें एक चलती हुई गाड़ी में पुलिसकर्मियों के साथ बैठे हुए दिखाया गया है। वीडियो में उन्हें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने उन्हें और कॉजपा के स्वयंसेवियों को हिरासत में लिया है क्योंकि वह ‘‘असम के लोगों से डरते हैं’’।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनका संगठन यहां के स्कूलों की वास्तविक स्थिति को ‘‘उजागर’’ करना चाहता है।
पुलिस द्वारा ले जाए जाते समय पत्रकारों से बातचीत में रांका ने कहा कि यह कार्रवाई दिखाती है कि मुख्यमंत्री शर्मा ‘‘बेनकाब होने से डर रहे हैं।’’
रांका ने कहा, ‘‘उन्हें डर है कि अगर हम यहां के स्कूलों को दिखाएंगे तो देश को वास्तविकता पता चल जाएगी। उन्हें डर है कि लोगों को पता चल जाएगा कि कॉरपोरेट के फायदे के लिए काजीरंगा में उनके अधिकार कैसे छीने जा रहे हैं। लेकिन हम उनसे डरते नहीं हैं। हमें पता है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को फिर से तय कर जीत हासिल की है।’’
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


