असम: डीजीपी का फर्जी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की

Ads

असम: डीजीपी का फर्जी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 05:20 PM IST

गुवाहाटी, पांच मार्च (भाषा) असम पुलिस ने बृहस्पतिवार को पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह की छवि का दुरुपयोग करने के आरोप में कथित फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।

इन फर्जीवाड़ा करने वालों ने ‘आईपीएस सोनू शर्मा’ के फर्जी नाम से कृत्रिम वीडियो बनाकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया था।

पुलिस ने नागरिकों से ऐसे धोखाधड़ी वाले वीडियो के झांसे में न आने और संदिग्ध सामग्री की तुरंत सूचना देने का आग्रह किया है।

असम पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘डीपफेक अलर्ट! फर्जीवाड़ा करने वाले असम पुलिस के डीजीपी की छवि का दुरुपयोग करके एक कृत्रिम वीडियो बना रहे हैं, जिसमें वे फर्जी ‘आईपीएस सोनू शर्मा’ होने का दिखावा कर रहे हैं।’

पुलिस ने बताया कि यह वीडियो फर्जी है और ऑनलाइन धोखाधड़ी का हिस्सा है।

पुलिस ने कहा, ‘असम पुलिस इस तरह की डिजिटल रूप से हेरफेर की गई सामग्री बनाने या प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर रही है।’

वीडियो में पैसों के लेन-देन के लिए एक फोन नंबर और एक यूपीआई आईडी दी गई है।

भाषा तान्या माधव

माधव