Reported By: Indresh Suryavanshi
,IND vs ENG Semi Final: टीम इंडिया की जीत के लिए उज्जैन में खास पूजा / Image: IBC24
उज्जैन: IND vs ENG Semi Final टी20 विश्वकप 2026 का आज अहम मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता का ये दूसरा सेमीफाइनल होगा। पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को करारी मात दी थी। वहीं, आज के मैच के लिए भी भारतीय फैन्स में भारी जोश देखने को मिल रहा है। टीम इंडिया के फैन जीत के लिए ना सिर्फ दुआएं कर रहे हैं, बल्कि हवन-पूजन भी शुरू हो चुका है। जी हां उज्जैन में भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जीत के लिए खास हवन कराया गया है।
IND vs ENG Semi Final मिली जानकारी के अनुसार टीम इंडिया की जीत की कामना को लेकर शहर के प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किया गया। गुरुवार शाम होने वाले मुकाबले से पहले करीब 50 से अधिक पंडित-पुजारी, श्रद्धालु और क्रिकेट प्रेमी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का पूजन-अभिषेक कर भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना की।
दरअसल टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला मुंबई के प्रसिद्ध वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस अहम मैच में जीत हासिल करने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी। ऐसे में करो या मरो की स्थिति वाले इस मुकाबले से पहले उज्जैन में क्रिकेट प्रेमियों ने भगवान से टीम इंडिया की जीत की कामना की।
पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों जैसे सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे के फोटो शिवलिंग के पास रखकर पूजा-अर्चना की और भारत की जीत के लिए दुआ मांगी। खिलाड़ी भी पहुंचे भगवान की शरण में इंग्लैंड के खिलाफ हाई-प्रेशर मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी भी भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे। मुंबई स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में अक्षर पटेल, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने पूजा-अर्चना कर सेमीफाइनल मुकाबले में जीत की प्रार्थना की।
बात करें पिछले मैच की तो सुपर 8 में टीम इंडिया का आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज के साथ था। इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के सामने 195 रन का लक्ष्य रखा था, जो कि कोलकाता के ईडन गार्डन्स का सबसे बड़ा स्कोर था। वहीं, 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा जल्दी ही आउट हो गए, जिसके बाद ईशान भी 10 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। लेकिन दूसरी ओर संजू सैमसन डटे रहे और ऐतिहासिक पारी खेलते हुए भारतीय टीम को जीत दिलाई।