गुवाहाटी, 19 मार्च (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों भाजपा और अगप के बीच संभावित उम्मीदवारों का ‘आदान-प्रदान’ जारी है, जिसमें नेता पार्टी नामांकन हासिल करने के लिए अपना पाला बदल रहे हैं और एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दो और असम गण परिषद (अगप) से एक नेता नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उम्मीदवार के रूप में नामांकित होने की संभावना को मजबूत करने के इरादे से अन्य पार्टी में शामिल हो गए हैं।
इस तरह का ताजा मामला भूपेन रॉय से जुड़ा है जो अगप से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए और पार्टी ने उन्हें अभयपुरी निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।
भाजपा 89 सीट पर उम्मीदवार उतारेगी, अगप 26 सीट पर और गठबंधन का तीसरा सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 11 सीट पर उम्मीदवार नामित करेगा।
राजग के सहयोगी दल सीट-बंटवारे की व्यवस्था के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि सीट-बंटवारे की घोषणा के बाद यह ज्ञात था कि अगप द्वारा सीमावर्ती बोंगाईगांव सीट छोड़ने से इनकार करने के बाद भाजपा अभयपुरी से चुनाव लड़ेगी।
बोंगईगांव का प्रतिनिधित्व वर्तमान में अगप की दीप्तिमयी चौधरी कर रही हैं जो मौजूदा विधायक और अपने पति फणी भूषण चौधरी के राजग उम्मीदवार के रूप में बारपेटा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद 2024 के उपचुनाव में चुनी गईं थीं।
फणी भूषण 1983 से बोंगईगांव से अपराजित रहे हैं, जिससे वह अब तक राज्य में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले विधायक बन गए हैं।
बोंगईगांव में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में अपनी उम्मीदवारी सुनिश्चित करने के लिए रॉय ने राजग के अन्य सहयोगी दल में शामिल होने का फैसला किया।
इस बीच, भाजपा के कम से कम दो नेता राज्य चुनाव के लिए गठबंधन का नामांकन हासिल करने की उम्मीद में अगप में शामिल हो गए हैं।
नाओबोइचा के बसंत दास बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय पार्टी में शामिल हो गए जबकि प्रकाश दास इस सप्ताह की शुरुआत में अगप में शामिल हुए थे और हाजो-सुअलकुची सीट से नामांकन हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
सीट बंटवारे की व्यवस्था के तहत इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को अगप के लिए छोड़ दिया गया है।
कामतापुर स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद जिबेश रॉय भी बृहस्पतिवार को अगप में शामिल हो गए। उन्हें बिलासिपारा निर्वाचन क्षेत्र से टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
बिन्नाकंडी से कांग्रेस के पूर्व नेता शहाबुद्दीन मजूमदार भी अगप में शामिल हो गए हैं और इस सीट से नामांकन पाने की उम्मीद कर रहे हैं।
अगप और बीपीएफ ने अब तक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। भाजपा ने पहली सूची में 88 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं।
असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन