गुवाहाटी, पांच मई (भाषा) सोमवार को आए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणाम में दलों की वोट हिस्सेदारी संबंधी निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि असम में भाजपा के पक्ष में 4.6 प्रतिशत अधिक मत पड़ने से उसे 2021 के मुकाबले 22 ज़्यादा सीटें मिलीं और उसने कुल 82 सीटों पर जीत हासिल की।
दूसरी ओर, कांग्रेस की वोट हिस्सेदारी में मामूली 0.17 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी हुई लेकिन पिछले विधानसभा चुनावों के मुकाबले उसकी सीटों की संख्या 10 कम होकर इस बार 19 रह गई।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 102 सीटें जीतीं, जो अब तक का उसका सबसे अच्छा प्रदर्शन है। यह 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा में बहुमत के लिए ज़रूरी 64 सीटों के आंकड़े से काफी ज़्यादा है।
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सत्ताधारी भाजपा को इस चुनाव में पड़े कुल वोटों का 37.81 प्रतिशत हिस्सा मिला, जिससे उसे 82 सीटों पर जीत हासिल हुई। 2021 में उसकी वोट हिस्सेदारी 33.21 प्रतिशत थी जब उसने 60 सीटें जीती थीं।
विपक्षी कांग्रेस की वोट हिस्सेदारी पांच साल पहले के 29.67 प्रतिशत से बढ़कर 29.84 प्रतिशत हो गयी लेकिन पिछली विधानसभा में उसके विधायकों की संख्या 29 थी जो इस बार घटकर 19 रह गई।
भाषा वैभव नरेश
नरेश