असम : आरपीएफ ने घर से भागे 16 बच्चों को एक सप्ताह में बरामद किया

Ads

असम : आरपीएफ ने घर से भागे 16 बच्चों को एक सप्ताह में बरामद किया

  •  
  • Publish Date - August 22, 2025 / 02:05 PM IST,
    Updated On - August 22, 2025 / 02:05 PM IST

गुवाहाटी, 22 अगस्त (भाषा) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने घर से भागे 16 बच्चों को बीते एक सप्ताह में विभिन्न ट्रेनों और स्टेशनों से बरामद किया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक कुल 843 बच्चों को बरामद किया जा चुका है।

एनएफआर के अनुसार, आरपीएफ कर्मियों ने अपने घरों से भागे 16 नाबालिगों को अपने क्षेत्राधिकार में विभिन्न ट्रेनों और स्टेशनों से बरामद किया है और उन्हें सुरक्षित सौंपा गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि जनवरी से जुलाई तक आरपीएफ ने घर से भागे कुल 738 बच्चों और तस्करी कर ले जाए जा रहे 89 बच्चों तथा महिलाओं को बचाया। साथ ही नौ तस्करों को गिरफ्तार भी किया।

सभी को चाइल्डलाइन/गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), अभिभावकों और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) या पुलिस को सौंप दिया गया।

आरपीएफ कर्मी ने 16 अगस्त को गुवाहाटी के मालिगांव से एक ट्रेन पर ड्यूटी के दौरान घर से भागे दो बच्चों को बरामद किया और उन्हें बोंगाईगांव व चिरांग चाइल्डलाइन को सौंपा।

बयान में कहा गया है कि इसी दिन डिब्रूगढ़ में भी एक नाबालिग को बचाया गया। 17 अगस्त को दीमापुर आरपीएफ ने एक नाबालिग को बचाकर चाइल्डलाइन को सौंप दिया।

इसके बाद 18 अगस्त को कटिहार, पूर्णिया, कोकराझार और अलीपुरद्वार में पांच बच्चों को विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों से बरामद किया गया और पहचान के बाद उन्हें चाइल्डलाइन या अभिभावकों को सौंपा गया।

इसमें कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने 19 अगस्त को गुवाहाटी, कामाख्या, डिब्रूगढ़, जलालगढ़ और अलीपुरद्वार रेलवे स्टेशनों से सात नाबालिगों को बचाया और उन्हें उचित पहचान के बाद संबंधित चाइल्डलाइन या अभिभावकों को सौंप दिया गया।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा