गुवाहाटी, छह सितंबर (भाषा) असम के सोनितपुर जिले से दो कथित वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 12 टोके गेको (छिपकली की एक प्रजाति जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘केको हैप’ कहा जाता है) बरामद की गईं हैं। राज्य के वन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने यह जानकारी दी।
बरुआ ने बताया कि राजस्व आसूचना निदेशालय और बिस्वनाथ वन्यजीव संभाग के अपराध अन्वेषण रेंज की एक संयुक्त टीम ने पांच सितंबर को जिया भराली पुल के पास अभियान चलाया और संदिग्ध तस्करों को रोका।
उन्होंने बताया कि बचाई गईं टोके गेको को आगे की जांच और देखभाल के लिए बिस्वनाथ चारियाली में रेंज वन अधिकारी के कार्यालय लाया गया।
बरुआ ने कहा, ‘‘असम ने सोनितपुर जिले में एक समन्वित प्रवर्तन अभियान के जरिए वन्यजीव संरक्षण के अपने प्रयासों को मजबूत किया है। यह अभियान असम के वन्यजीवों की सुरक्षा में प्रवर्तन और वन अधिकारियों के बीच समन्वित कार्रवाई की मजबूती को दर्शाता है।’’
बरुआ ने कहा कि प्रशासन खुफिया जानकारी पर आधारित कार्रवाई और जमीनी स्तर पर प्रवर्तन को मजबूत करना जारी रखे हुए है, ताकि वन्यजीवों के अवैध व्यापार की पहचान करके उसे रोका जा सके।
भाषा धीरज शोभना
शोभना