असम के टैक्सी संचालकों ने मेघालय के वाहनों के खिलाफ नाकेबंदी समाप्त की
असम के टैक्सी संचालकों ने मेघालय के वाहनों के खिलाफ नाकेबंदी समाप्त की
गुवाहाटी, 22 अगस्त (भाषा) असम के टैक्सी संचालकों ने शनिवार को मेघालय में पंजीकृत वाहनों के खिलाफ अपनी नाकेबंदी समाप्त कर दी। यह फैसला दोनों राज्यों के मंत्रियों के बीच बैठक के बाद सुरक्षा के आश्वासन पर लिया गया।
इससे पहले, असम के सीमा सुरक्षा मंत्री अतुल बोरा और मेघालय के उप मुख्यमंत्री एस. धर के बीच बैठक हुई।
बोरा के साथ बैठक के बाद जोराबाट में नाकेबंदी वाली जगह पर एक टैक्सी संचालक ने कहा, ‘‘हमने फिलहाल नाकेबंदी हटाने का फैसला किया है। मेघालय सरकार ने 19 अगस्त को हुई हिंसा की जांच के लिए एक एसआईटी बनाई है। हम इसकी रिपोर्ट का इंतजार करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मंत्री ने कहा है कि मेघालय सरकार हमारे चालकों और गाड़ियों को हुए नुकसान का मुआवजा देगी।’’
धर से मिलने के बाद बोरा प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को असम सरकार के प्रतिनिधियों से मिलकर अपनी मांगें रखेगा।
शिलांग में खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) की ओर से 19 अगस्त को आयोजित बाइक रैली के दौरान हिंसा भड़क गई थी। पुलिस के मुताबिक, असम में पंजीकृत वाहनों समेत कम से कम 31 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और 16 लोग घायल हो गए।
इस घटना के बाद, असम में टैक्सी संचालकों ने बृहस्पतिवार से पड़ोसी राज्य में जाने वाले मुख्य रास्तों – जोराबाट और खानापारा – पर मेघालय जाने वाले वाहनों के खिलाफ नाकेबंदी कर दी थी।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


