रांची में पुलिस-छात्र झड़प के मामले में 14 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज
रांची में पुलिस-छात्र झड़प के मामले में 14 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज
रांची, 22 अगस्त (भाषा) पुलिस और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में शनिवार को 14 नामजद और 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ कम से कम तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ये प्राथमिकी सरकारी कामकाज में बाधा डालने और पुलिस के साथ झड़प करने के आरोप में रांची के कोतवाली थाने में दर्ज की गईं।
रांची के पुलिस अधीक्षक (सिटी) पारस राणा ने कहा, ‘‘शुक्रवार को हुई झड़प के सिलसिले में कोतवाली थाने में 14 नामजद आरोपियों और 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तीन में से एक प्राथमिकी पुलिस ने कथित उपद्रवियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और निर्धारित मार्ग से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में दर्ज की है।
अधिकारी ने बताया कि दो अन्य प्राथमिकी दो व्यक्तियों की शिकायत पर दर्ज की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच शुक्रवार को रांची में झड़प हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाने की कोशिश की थी।
‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच’ के बैनर तले छात्र नेताओं ने राज्य सरकार पर नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को ‘‘धोखा देने’’ और ‘‘विश्वासघात’’ करने का आरोप लगाया है। यह आरोप 11वीं और 13वीं जेपीएससी परीक्षाओं तथा जेएसएससी-सीजीएल के जरिए की गई नियुक्तियों को रद्द करने संबंधी कुछ अधिसूचनाओं पर उच्च न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के बाद लगाया गया।
उच्च न्यायालय ने बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के जरिए नियुक्त किए गए अभ्यर्थियों की नियुक्तियां रद्द करने संबंधी अधिसूचनाओं पर शुक्रवार को रोक लगा दी।
बृहस्पतिवार को अदालत ने 11वीं और 13वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षाओं को रद्द करने संबंधी अधिसूचनाओं पर रोक लगाई थी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की नियुक्तियां रद्द करने के आदेश पर भी रोक लगा दी थी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


