10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकनकर्ता सोशल मीडिया पर सूचना बिल्कुल भी साझा न करें: सीबीएसई

Ads

10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकनकर्ता सोशल मीडिया पर सूचना बिल्कुल भी साझा न करें: सीबीएसई

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 06:57 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकनकर्ताओं को सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा,‘‘बोर्ड के संज्ञान में आया है कि 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल कुछ व्यक्ति सोशल मीडिया मंच पर टिप्पणियां कर रहे हैं, राय व्यक्त कर रहे हैं और अनुभव साझा कर रहे हैं। इनमें से कई पोस्ट भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं तथा उनसे संबंधित पक्षों हितधारकों के बीच भ्रम पैदा हो सकता है एवं अफवाहें भी फैल सकती हैं।’’

शीर्ष अधिकारी ने कहा कि परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया गोपनीय होती है तथा उस पर सख्त नियम (प्रोटोकॉल) लागू होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ सार्वजनिक मंचों पर मूल्यांकन से संबंधित किसी भी भ्रामक जानकारी, अनुभव या राय को साझा करना बिल्कुल निषिद्ध है। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने या तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का कोई भी प्रयास पेशेवर आचरण का उल्लंघन है और इसके लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अध्यापकों को संयम बरतने एवं परीक्षा प्रणाली की शुचिता बनाये रखने की सलाह दी जाती है। बोर्ड सभी मूल्यांकनकर्ताओं से अपने कर्तव्य निर्वहन में गोपनीयता, गरिमा एवं पेशेवर अंदाज को बनाये रखने की आशा करता है। ’’

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश