पौड़ी के राजकीय डिग्री कॉलेज में फर्जी प्रमाणपत्रों पर नौकरी कर रहा सहायक प्रोफेसर बर्खास्त

Ads

पौड़ी के राजकीय डिग्री कॉलेज में फर्जी प्रमाणपत्रों पर नौकरी कर रहा सहायक प्रोफेसर बर्खास्त

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 06:03 PM IST

पौड़ी, 30 मई (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के बिथ्याणी में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय के एक सहायक प्रोफेसर को उसके दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

अधिकारियों के मुताबिक राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का अनुमोदन मिलने के बाद इतिहास विषय के सहायक प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गयी हैं।

उन्होंने बताया कि डॉ. त्यागी के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की सत्यता को लेकर एक शिकायत मिलने के बाद एक उच्च स्तरीय जांच करायी गयी थी जिसमें विसंगतियां पायी गयीं ।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से उनके दस्तावेजों का सत्यापन कराए जाने पर उनके अंक पत्रों तथा प्रमाणपत्रों का विश्वविद्यालय के अभिलेखों से मिलान नहीं हुआ ।

उन्होंने बताया कि विभागीय जांच के दौरान डॉ. त्यागी को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया, लेकिन वह अपने प्रमाण पत्रों के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए उपस्थित नहीं हुये।

इस संबंध में मंत्री ने कहा कि बिथ्याणी महाविद्यालय में फर्जी प्रमाण पत्रों से नियुक्ति पाने वाले शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है और भविष्य में भी यदि ऐसे मामले सामने आते हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय की स्थापना उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनन्द सिंह बिष्ट ने की थी ।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार