भारत ने 44वीं रैंकिंग पर काबिज पनामा से 1-1 से ड्रॉ खेला

Ads

भारत ने 44वीं रैंकिंग पर काबिज पनामा से 1-1 से ड्रॉ खेला

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 10:06 PM IST

बेंगलुरु, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय फुटबॉल टीम ने शुक्रवार को यहां पनामा के खिलाफ फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में अपनी मामूली बढ़त गंवा दी लेकिन फिर भी दुनिया की 44वें नंबर की टीम को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।

कुछ ही महीने पहले फीफा विश्व कप खेलने वाले देश के खिलाफ यह ड्रॉ निश्चित रूप से मुख्य कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन वाली भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाएगा। पनामा की टीम में विश्व कप खेलने वाले कई खिलाड़ी शामिल थे।

भारत के लिए भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रेयान विलियम्स ने 41वें मिनट में गोल किया लेकिन उमर वालेंसिया ने 68वें मिनट में बराबरी का गोल कर स्कोर बराबर कर दिया और यह सुनिश्चित किया कि पनामा को उस देश के खिलाफ हार की शर्मिंदगी नहीं झेलनी पड़े जो खेल के प्रति दीवानगी भरे समर्थन के बावजूद फीफा रैंकिंग में 138वें स्थान पर है।

यह ड्रॉ भारतीय टीम का मनोबल भी ऊंचा रखेगा जो देश के फुटबॉल इतिहास में अब तक के सबसे कठिन प्रतिद्वंद्वी और पांच बार के विश्व कप चैंपियन ब्राजील के खिलाफ तीन अक्टूबर को कोलकाता में अगले मैत्री मैच में खेलेगी और उसके बाद छह अक्टूबर को दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला करेगी।

पूरे मैच के दौरान भारत ने पनामा के डिफेंडरों को व्यस्त रखे रहा और ऐसे ही एक मूव में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विलियम्स (अब भारतीय पासपोर्ट रखते हैं) ने शुरुआती गोल किया।

आकाश मिश्रा की मदद से डिफेंडर बिजॉय वर्गीज ने विलियम्स को पास दिया जिन्होंने इसे पनामा के गोल में पहुंचाकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

एक गोल से पिछड़ने पर पनामा के कोच थॉमस क्रिस्टियनसेन ने दूसरे हाफ में कुछ बदलाव किए और 68वें मिनट में मेजर लीग सॉकर खिलाड़ी उमर वालेंसिया के शानदार शॉट की बदौलत बराबरी हासिल कर ली।

भाषा नमिता

नमिता