पीसी ज्वेलर 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाकर कर्ज-मुक्त हुई

Ads

पीसी ज्वेलर 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाकर कर्ज-मुक्त हुई

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 10:09 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) आभूषण कंपनी पीसी ज्वेलर लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसने 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुकाकर खुद को ऋण-मुक्त कर लिया है। कंपनी पर करीब 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज था।

पीसी ज्वेलर ने सितंबर 2024 में बैंकों के समूह के साथ अपने बकाये के निपटान के लिए एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना अपनाई थी। इसके तहत नकद और इक्विटी के माध्यम से भुगतान तथा प्रतिभूतियों और गिरवी रखी संपत्तियों को मुक्त करने जैसी शर्तें शामिल थीं।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि शुक्रवार को किए गए भुगतान के साथ उसने 30 सितंबर, 2024 को हुए निपटान समझौते की शर्तों के तहत 14 बैंकों के समूह का पूरा बकाया चुका दिया है। ये भुगतान तय समयसीमा से पहले किए गए हैं।

पीसी ज्वेलर ने कहा कि ऋण-मुक्त होने से उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।

कंपनी का अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया जो साल भर पहले 161.93 करोड़ रुपये था।

पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 879.27 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 807.88 करोड़ रुपये थी।

पीसी ज्वेलर देश की प्रमुख आभूषण कंपनियों में से एक है और उसके 12 राज्यों में करीब 50 स्टोर हैं।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम