झारखंड के तीन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत, आठ अन्य लोग घायल
झारखंड के तीन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत, आठ अन्य लोग घायल
रांची, चार अगस्त (भाषा) झारखंड के गिरिडीह, दुमका और लातेहार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मरने वाले 14 लोगों में से नौ गिरिडीह, तीन दुमका और दो लातेहार से थे।
खोरीमहुआ के उप-संभागीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘गिरिडीह जिले में मेरे उप-संभाग के तहत आने वाले तीन थानों के इलाकों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।’
उन्होंने बताया कि इनमें से पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना केवल देवरी थाना क्षेत्र में हुई।
अधिकारी ने बताया कि ये लोग खेलने के बाद एक स्थान पर बैठे हुए थे कि तभी यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गये चार लोगों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी।
अधिकारी ने बताया कि गावां और नौडीहा थाना क्षेत्रों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गिरिडीह जिले के बगोदर पुलिस थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुमका जिले के रामगढ़ ब्लॉक में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि लातेहार में अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


