नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के दौरान सोमवार को हालिया केरल विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी एवं कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों का विषय उठाते हुए नाराजगी जताई, जिस पर कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के नेताओं ने कहा कि अब पुराने गिले-शिकवे भूलकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में शामिल माकपा के राज्यसभा सदस्य ने राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों का विषय उठाया। भाकपा महासचिव डी राजा ने भी इसको लेकर नाराजगी जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद कांग्रेस द्वारा केरल में वाम नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए गए।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नीति के तहत पार्टी की ओर से चुनाव में एक विषय उठाया गया था।
विपक्ष के कुछ अन्य नेताओं ने भी कहा कि अब इन बातों को भूलकर आगे बढ़ना है और मिलकर भाजपा का मुकाबला करना है।
सूत्रों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने कहा कि गठबंधन के घटक दलों को एक दूसरे की आलोचना से बचना चाहिए।
माकपा महासचिव एम ए बेबी ने बैठक से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उन टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण मांगा था, जिनमें केरल में माकपा और भाजपा के बीच राजनीतिक मिलीभगत के दावे किये गये थे।
अपने पत्र में बेबी ने चिंता व्यक्त की थी कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और खरगे सहित कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप चुनावी आलोचना से कहीं आगे हैं, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सामूहिक रूप से चुनौती देने के लिए बने गठबंधन के कामकाज पर सवाल उठते हैं।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप