नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) दिल्ली में सीएनजी की कीमतें बढ़ने के बाद परिवहन संगठनों ने शनिवार को ऑटो-रिक्शा के किराये में तत्काल बढ़ोतरी की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे नौ सितंबर को हड़ताल पर चले जाएंगे।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अनुसार, शनिवार से दिल्ली और आस-पास के शहरों में सीएनजी की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई है।
कंपनी ने बताया कि सीएनजी के लिए जरूरी गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित एलएनजी से पूरा किया जा रहा था, जिसकी कीमतें पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से तेज़ी से बढ़ी हैं।
ऑटो रिक्शा एसोसिएशन और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार को एक हफ़्ते के अंदर तत्काल प्रभाव से ऑटो और टैक्सी का किराया बढ़ाना चाहिए, क्योंकि आज सुबह सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब चालकों पर अचानक आर्थिक बोझ बढ़ गया है।’’
उन्होंने एक बयान में कहा कि पिछले दो-तीन महीनों में सीएनजी की कीमतें बढ़ी हैं और इनमें कुल मिलाकर लगभग 10-11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
सोनी ने कहा, ‘‘सरकार को जल्द से जल्द किराया बढ़ाना चाहिए या सीएनजी की कीमतों पर सब्सिडी देनी चाहिए। अगर किराया नहीं बढ़ाया गया, तो हम नौ सितंबर को हड़ताल करेंगे।’’
‘ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन’ ने भी सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया।
‘ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में अचानक 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी सिर्फ़ ईंधन की ज़्यादा लागत का मामला नहीं है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब, परिवहन उद्योग और आखिरकार जरूरी चीजों की कीमतों पर पड़ेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस बढ़ोतरी के साथ, दिल्ली में सीएनजी की कीमत अब 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।’’
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप