अगरतला, 26 जून (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में किसानों की औसत मासिक आय 2015-16 के 6,580 रुपये से बढ़कर दोगुनी यानी 13,590 रुपये हो गई है।
उन्होंने पश्चिम त्रिपुरा के बामुटिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार किसानों के फायदे के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
साहा ने कहा, ‘‘हमारी सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों की वजह से त्रिपुरा में एक किसान की आय 2015-16 के 6,580 रुपये से बढ़कर अब 13,590 रुपये मासिक हो गई है।’’
उन्होंने दावा किया कि त्रिपुरा में हर साल 12 लाख टन चावल, 364 टन गेहूं और 17,000 टन से अधिक दालों का उत्पादन होता है।
साहा ने कहा, ‘‘ साल भर हमे भोजन मुहैया कराने वाले किसानों की भलाई के लिए कई कदम उठाए गए हैं। हमारी सरकार ने किसानों से सीधे 23.69 रुपये प्रति किलोग्राम के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की दर से धान की खरीद शुरू की है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाती है।’’
उन्होंने कहा कि 2018 से अब तक सरकार ने 2,35,356 किसानों से 529.81 करोड़ रुपये में 2,61,227 टन धान की खरीद की है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘जन धन’ खाते शुरू किए थे, तब एक नकारात्मक अभियान चलाया गया था, लेकिन अब किसानों और वंचित लोगों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए पैसे मिल रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पीएम-किसान योजना के तहत, राज्य के 2.13 लाख किसानों को 20 जून को मिली हालिया किस्त में 46.35 करोड़ रुपये मिले हैं।
साहा ने किसानों से अपील की कि वे ‘डबल-इंजन सरकार’ का लाभ उठाने के लिए कृषि और किसान कल्याण विभाग में अपना नाम पंजीकृत कराएं और विशिष्ट पहचान पत्र प्राप्त करें।
भाषा धीरज संतोष
संतोष