नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को बताया कि बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन सितंबर के अंत तक होने की उम्मीद है।
सिंह ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 29 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
इस परियोजना का उद्देश्य पूर्वी और दक्षिण दिल्ली के बीच सुगम संपर्क उपलब्ध कराना है।
इसके तहत सिग्नल मुक्त मार्गों के जरिये मयूर विहार फेज-1 और एम्स को जोड़ा जाएगा।
नया फ्लाईओवर सराय काले खां में मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा, जिससे करीब नौ किलोमीटर लंबे मार्ग का काम पूरा हो जाएगा।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा, “यह परियोजना शहरी बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनने जा रही है। पहली बार भारत में किसी फ्लाईओवर कॉरिडोर को समर्पित ‘साइकिल ट्रैक’ के साथ तैयार किया गया है, जिससे दिल्लीवासियों के लिए हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।”
उन्होंने कहा, “तेज आवागमन के साथ-साथ इस परियोजना में पैदल यात्रियों के लिए अनुकूल सुविधाएं और आधुनिक शहरी डिजाइन को तरजीह दी गयी है।”
वर्ष 2014 में मंजूर और 2015 में शुरू की गई इस परियोजना को 2017 तक पूरा किया जाना था।
हालांकि, इसमें कई बार देरी हुई और लागत में भी काफी वृद्धि हुई। अब संशोधित परियोजना लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये हो गई है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश