गोरखपुर (उप्र), 19 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने गोरखपुर के अपने तीन दिवसीय दौरे में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की।
तावड़े राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सहयोगी निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के प्रमुख संजय निषाद के घर जाकर उनसे मुलाकात भी की। तावड़े ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व सांसद डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल के आवास पर भी जाकर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
भाजपा कार्यालय में, तावड़े ने पदाधिकारियों, चुने हुए प्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और मीडिया व सोशल मीडिया टीम के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। चर्चाओं का मुख्य केंद्र जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना, जनता से लगातार संपर्क बनाए रखना और राज्य चुनाव से पहले तैयारियों में तेजी लाना था।
भाजपा के बूथ-स्तरीय संगठन के महत्व पर जोर देते हुए तावड़े ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और क्षेत्र व जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक फैले मजबूत ढांचे में निहित है।
उन्होंने सभी स्तरों पर पदाधिकारियों के बीच नियमित समन्वय का आह्वान किया और कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन जमीनी स्तर से प्राप्त प्रतिक्रिया या सुझाव के आधार पर किया जाना चाहिए।
तावड़े ने कार्यकर्ताओं से लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया और उन्हें निर्देश दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से कम से कम चार परिवारों से जुड़ें और उनकी स्थानीय चिंताओं व अपेक्षाओं को समझें।
उन्होंने जन-प्रतिनिधियों से कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क में रहें और यह सुनिश्चित करें कि जनता की प्रतिक्रिया और स्थानीय मुद्दों को संगठन के भीतर प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
तावड़े ने कहा कि चुनाव की तैयारियों में युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के साथ-साथ वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का भी लाभ उठाया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार देर रात गोरखपुर में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री संजय निषाद के घर जाकर उनसे मुलाकात की।
इससे पहले दिन में, संजय निषाद ने जन-प्रतिनिधियों की एक बैठक में हिस्सा लिया था और तावड़े को अपने घर आने का न्योता दिया था। तावड़े का स्वागत संजय निषाद, उनके बेटों अमित निषाद, पूर्व सांसद प्रवीण निषाद और विधायक ई. सरवन निषाद ने किया। इसके बाद तावड़े को निषाद के परिवार के अन्य सदस्यों से मिलवाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात में कई संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात की थी, जो अस्वस्थ थे।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित