कोलकाता, पांच मई (भाषा) दक्षिण कोलकाता में हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर एक दशक से अधिक समय से लगे बैरिकेड मंगलवार को आंशिक रूप से हटा दिये गए।
यह कदम तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल की सत्ता गंवाने और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ममता की हार के एक दिन बाद उठाया गया।
मंगलवार को पुलिसकर्मियों को नीले और सफेद रंग के बैरिकेड को हटाते हुए देखा गया, जिनके जरिये 30बी स्थित उनके आवास के पास की सड़क पर आम जनता की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया था।
हालांकि, कोलकाता पुलिस की ओर से इस सिलसिले में कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें मंगलवार सुबह ममता के आवास के बाहर लगाए गए स्मार्ट बैरिकेड हटाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी के मुताबिक, आदेश में बैरिकेड हटाने की कोई वजह नहीं बताई गई है। उन्होंने कहा, “हमने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया है।”
हालांकि, वहां पुलिस चौकी अभी भी मौजूद है, लेकिन इलाके में उच्च स्तरीय सुरक्षा तैनाती में स्पष्ट रूप से कमी आई है।
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कालीघाट इलाके में स्थित हरीश चटर्जी स्ट्रीट एक उच्च सुरक्षा क्षेत्र रही है, जहां प्रवेश करने वाले हर वाहन की जांच की जाती थी।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्हें (निवासियों) अपने घर की ओर जाने के लिए अक्सर पहचान पत्र दिखाने पड़ते थे।
निवासी ने कहा कि हालांकि, मंगलवार सुबह प्रतिबंधों में काफी ढील दे दी गई और बैरिकेड को आंशिक रूप से हटा दिया गया।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप