बारुईपुर मुठभेड़: परिवार ने नहीं लिया शव, आरोपी का अंतिम संस्कार किया गया

बारुईपुर मुठभेड़: परिवार ने नहीं लिया शव, आरोपी का अंतिम संस्कार किया गया

बारुईपुर मुठभेड़: परिवार ने नहीं लिया शव, आरोपी का अंतिम संस्कार किया गया
Modified Date: July 9, 2026 / 05:33 pm IST
Published Date: July 9, 2026 5:33 pm IST

कोलकाता, नौ जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि बारुईपुर दुष्कर्म एवं हत्या मामले के आरोपी प्रभास मंडल का अंतिम संस्कार कर दिया गया है क्योंकि उसके परिवार का कोई भी सदस्य शव लेने नहीं आया। मंडल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंतिम संस्कार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्थानीय प्रशासन की निगरानी में अंतिम संस्कार किया गया।’’

पुलिस के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल प्रभास मंडल बुधवार को उस समय मुठभेड़ में मारा गया, जब पुलिस उसे घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए घटनास्थल लेकर गई थी और उसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।

प्रभास की मां संध्या मंडल ने यह कहते हुए बेटे का शव लेने से इनकार कर दिया कि उसे अपने कर्मों की सजा मिल गई। पुलिस द्वारा उसके बेटे की मौत की सूचना दिए जाने के बाद संख्या मंडल ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘उस मासूम बच्ची ने असहनीय पीड़ा झेली। मेरे बेटे ने जो किया, उसकी उसे वही सजा मिली, जिसका वह हकदार था।’’

उसने यह भी कहा था कि वह और परिवार का कोई भी सदस्य शव लेने के लिए बारुईपुर उपमंडलीय अस्पताल नहीं जाएगा।

प्रभास की पत्नी ने भी यह आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया कि उसे अपने पति से काफी प्रताड़ना सहनी पड़ी थी।

मुठभेड़ की यह घटना राज्य में मई में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद पुलिस द्वारा की गई पहली ऐसी कार्रवाई है। यह कार्रवाई उस अपराध को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच हुई, जिसके विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुए थे और पुलिस पर भारी दबाव था।

आरोपी इस मामले में गिरफ्तार किया गया पहला व्यक्ति था। चार जुलाई को बच्ची के लापता होने से कुछ समय पहले सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर मंडल को उसके साथ देखा गया था। इसी कारण उसे मामले का प्रमुख संदिग्ध माना गया था।

अगले दिन बारुईपुर के सूर्यापुर हाट क्षेत्र में एक तालाब से बच्ची का शव बरामद हुआ था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई और फिर शव को एक बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया गया।

भाषा अमित रंजन

रंजन


लेखक के बारे में