झारखंड: घरेलू झगड़े के बाद महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंका, दोनों की डूबने से मौत
झारखंड: घरेलू झगड़े के बाद महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंका, दोनों की डूबने से मौत
मेदिनीनगर (झारखंड), नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में घरेलू झगड़े के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया और फिर खुद भी उसमें कूद गई। इस घटना में दोनों बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घटना बुधवार रात नवाबाजा थाना क्षेत्र के कांडा गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि मरने वाली बच्चियों की उम्र दो और तीन साल थी।
विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीवी मंडल ने बताया कि शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मंडल ने कहा, ‘‘शुरुआती जांच के मुताबिक, महिला का अपने पति और सास के साथ कुछ मुद्दों को लेकर झगड़ा हुआ था। आपा खोकर उसने घर के पास बने कुएं में अपनी दोनों बेटियों को फेंक दिया और फिर खुद भी उसमें कूद गई।’’
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। महिला को तो बचा लिया गया लेकिन कुएं से बाहर निकाले जाने तक बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
अधिकारी ने बताया कि महिला को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मंडल ने कहा, ‘‘मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।’’
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


