बवाना हत्याकांड: टिल्लू गिरोह के दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बवाना हत्याकांड: टिल्लू गिरोह के दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बवाना हत्याकांड: टिल्लू गिरोह के दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: March 27, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: March 27, 2026 6:40 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गिरोहों के बीच रंजिश के चलते की गई हत्या के मामले में वांछित टिल्लू ताजपुरिया के दो शार्पशूटर को रोहिणी इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या चार हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ रोहिणी सेक्टर 28 में अपराध शाखा के एक अभियान के दौरान हुई, जब आरोपियों ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों संदिग्धों – कुणाल और एक नाबालिग – के पैर में गोली लगी और बाद में उन्हें पकड़ लिया गया।

बवाना के हरेवली गांव में रवि भारद्वाज नाम के व्यक्ति की 19 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उसके पिता समेत तीन अन्य लोग भी घायल हो गए थे। आरोप है कि यह हमला गिरोहों के बीच आपसी दुश्मनी का नतीजा था।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले 26 मार्च को अपराध शाखा ने चैंत्य नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिस पर सुनील उर्फ टिल्लू गिरोह से जुड़े शार्पशूटरों को सूचना देने का आरोप है।

ताजा घटनाक्रम के साथ, इस मामले में अब तक चार आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि कुणाल कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ कम से कम सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से ज्यादातर जबरन वसूली से संबंधित हैं।

हत्याकांड के कथित मुख्य शूटर 20 वर्षीय व्यक्ति को बृहस्पतिवार को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया था। मूल रूप से दिल्ली के नांगल ठाकरान का रहने वाला आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी, टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का प्रमुख गुर्गा बताया जाता है।

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच में तीन और संदिग्धों की पहचान हुई है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। अपराध शाखा की कई टीम फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिस्तौल, कई कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की।

भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल संतोष

संतोष


लेखक के बारे में