बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने शुभेंदु के करीबी सहयोगी के मारे जाने को ‘सुनियोजित राजनीतिक हत्या’ बताया

Ads

बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने शुभेंदु के करीबी सहयोगी के मारे जाने को ‘सुनियोजित राजनीतिक हत्या’ बताया

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 12:42 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 12:42 PM IST

कोलकाता, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या को ‘‘सुनियोजित राजनीतिक हत्या’’ करार दिया और दावा किया कि इसका उद्देश्य राज्य में अस्थिरता पैदा करना है।

उन्होंने बारासात अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह लक्षित हिंसा थी।’’ शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ का पोस्टमार्टम इसी अस्पताल में किया गया।

अधिकारी के कार्यकारी सहायक रथ की बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोककर नजदीक से गोली चलाई और फिर फरार हो गए।

भट्टाचार्य ने सवाल उठाया, ‘‘क्या हमलावर इस हत्या के जरिए भाजपा को कोई राजनीतिक संदेश देना चाहते थे या यह संदेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए था, जो दो दिन बाद कोलकाता आ रहे हैं?’’ उन्होंने कहा कि वह इस घटना की जानकारी राज्यपाल आर एन रवि को देंगे।

भाजपा नेता ने इस हत्या को चुनाव बाद की व्यापक हिंसा की घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि हाल ही में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हुई है और बशीरहाट में एक अन्य व्यक्ति को गोली मारी गई।

उन्होंने बारासात-मध्यमग्राम सीमा क्षेत्र को ‘‘संवेदनशील इलाका’’ बताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान यहां घुसपैठियों के लिए कथित तौर पर आधार, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की जालसाजी जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियां होती रही हैं।

उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी देते हुए भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हमारे संयम को हमारी कमजोरी न समझा जाए।’’

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जांच जारी होने और आदर्श आचार संहिता लागू रहने के कारण वह मामले की ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते।

तृणमूल कांग्रेस ने हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है और आरोप लगाया है कि पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित बदमाशों ने उसके तीन कार्यकर्ताओं की हत्या की है।

भाषा गोला वैभव

वैभव