बंगाल के मुख्यमंत्री ने ट्रेन दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया

Ads

बंगाल के मुख्यमंत्री ने ट्रेन दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 04:47 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 04:47 PM IST

कोलकाता, 17 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि मुर्शिदाबाद जिले में खुले रेलवे फाटक पर एक ट्रेन एक वाहन से टकराने के कारण तीन लोगों की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए।

उन्होंने बताया कि राज्य के मंत्री गौरी शंकर घोष अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि घोष पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं।

शुक्रवार सुबह मुर्शिदाबाद जिले में पूर्वी रेलवे के अजीमगंज-कटवा रेलखंड के करणा सुवर्ण स्टेशन के पास एक खुले रेलवे फाटक पर एक यात्री ट्रेन ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

इस घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी और मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस ने रेलवे फाटक के ‘गेटमैन’ को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारी ने कहा कि मुर्शिदाबाद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं अन्य कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

भाषा जोहेब माधव

माधव